
बैतूल: जिले के विकासखण्ड घोड़ाडोंगरी के ग्राम सेमरताल की आठ वर्षीय कुमारी साक्षी पिता श्री विनोद कुमार नर्रे को बायीं आंख में जन्मजात मोतियाबिंद की बीमारी थी। वर्ष 2017 में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के चिकित्सक डॉ. मनोज कुमार सूर्यवंशी द्वारा साक्षी को ग्राम भ्रमण एवं स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान चिन्हित किया गया एवं शासन द्वारा नि:शुल्क सुविधा प्रदाय कराते हुये दिसम्बर 2017 में पाढर हॉस्पिटल में बायीं आंख का ऑपरेशन कराया गया।
वर्ष 2019 में साक्षी को पढ़ाई करने में परेशानी आने लगी तथा साक्षी को बोर्ड पर न दिखाई देने की जानकारी विद्यालय से भी प्राप्त हुई। साक्षी के पिता श्री विनोद द्वारा डॉ. मनोज कुमार सूर्यवंशी को दूरभाष पर साक्षी की समस्या बताई गई। डॉ. मनोज कुमार द्वारा जांच करने पर बालिका की दाहिनी आंख में भी मोतियाबिंद होना पाया गया। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के माध्यम से खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजीव शर्मा के प्रयासों से कुमारी साक्षी नर्रे का परासिया के लायन हॉस्पिटल में 27 दिसंबर 2019 को शासन द्वारा प्रदाय सुविधा अनुसार नि:शुल्क ऑपरेशन किया गया। अब साक्षी को दोनों आंखों से ठीक प्रकार से दिखाई दे रहा है। अब उसे पढ़ाई करने में कोई समस्या नहीं आ रही है। साक्षी एवं उसके परिजन स्वास्थ्य विभाग के द्वारा कराये गये नि:शुल्क उपचार का आभार व्यक्त करते हैं।
शिवा पवार मुलतापी समाचार बैतूल