
मुलतापी समाचार मनोज कुमार अग्रवाल
मुंबई: भारत के सबसे उम्रदराज प्रथम श्रेणी क्रिकेटर बसंत राय जी का आज शनिवार सुबह निधन हो गया। वह 100 साल के थे। इस साल 26 जनवरी को ही बसंत राय जी ने अपनी जिंदगी का शतक पूरा किया था। तब सचिन तेंदुलकर और स्टीव वा भी उनसे मिलने गए थे।
बसंतराय जी के परिवार में उनकी पत्नी और दो बेटियां हैं। उनके दामाद सुदर्शन नानावटी ने बताया, वह वृद्धावस्था के कारण दक्षिण मुंबई के बालकेश्वर में अपने निवास पर सोते समय 2:20 बजे निधन हो गया।
बसंतराय जी ने 1940 के दशक में नौ प्रथम श्रेणी मैच खेले थे जिसमें 277 रन बनाए थे। उनका उच्चतम स्कोर 68 रन था। जब भारत ने दक्षिण मुंबई के बांबे जिमखाना में पहला टेस्ट मैच खेला था, तब राय जी की उम्र 13 साल की थी।
बसंतराय जी भारतीय क्रिकेट की संपूर्ण यात्रा के गवाह रहे हैं। राय जी ने लाला अमरनाथ, विजय मर्चेंट, सी के नायडू और विजय हजारे के साथ ड्रेसिंग रूम साझा किया है।
मुलतापी समाचार